आगरा। समाजवादी पार्टी महानगर आगरा के तत्वावधान में जिला कार्यालय पर वीरांगना एवं पूर्व सांसद श्रीमती फूलन देवी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने फूलन देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर शब्बीर अब्बास ने कहा कि फूलन देवी का जीवन शोषण, अत्याचार और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष की मिसाल है। उन्होंने विषम परिस्थितियों के बावजूद लोकतंत्र में विश्वास कायम रखा और अपनी आवाज को मजबूती से बुलंद किया। उनका राजनीतिक जीवन इस बात का प्रमाण है कि लोकतंत्र में वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों को भी सम्मान और प्रतिनिधित्व मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि पीडीए के जननायक एवं समाजवादी विचारधारा के महान नेता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने फूलन देवी को चुनाव जिताकर संसद तक पहुंचाया। इससे वंचित समाज की आवाज को देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था तक पहुंचाने का काम हुआ।

विज्ञापन

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि फूलन देवी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, संघर्ष और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज के कमजोर वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव ओम पंडित, शिक्षक सभा महानगर अध्यक्ष मीना वर्मा, आजाद वाल्मीकि, जमील खान, विनोद श्रोत्रिय, राजा अहमद, आदिल चौधरी, रमेश यादव, राजीव कुमार सविता, सोहेल सूरी, मुजाहिद कुरैशी, अजीज खान, रियाज, अफरोज सैफी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।