जिन्होंने कीचड़, गोबर और अपमान सहकर बेटियों के लिए खोले शिक्षा के द्वार, उन्हें मिले भारत रत्न”
सामाजिक विरोध और अपमान सहकर भी नहीं रुकीं सावित्रीबाई, महिला शिक्षा के लिए उनके संघर्ष को राष्ट्रीय सम्मान देने की उठी आवाज
आगरा। देश की पहली महिला शिक्षिका एवं महान समाज सुधारक माता सावित्रीबाई फुले की जयंती 3 जनवरी को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस घोषित करने तथा उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित करने की मांग उठाई गई है।
राष्ट्रीय बौद्ध महासभा की एक आवश्यक बैठक बुद्ध विहार, चक्की पाट, आगरा पर आयोजित की गई। बैठक का संचालन बीएल चंद्रा ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय बौद्ध महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी धर्म प्रकाश भारती उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 3 जनवरी को माता सावित्रीबाई फुले की जयंती भव्य रूप से मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए अपने सुझाव दिए।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी धर्म प्रकाश भारती ने बताया कि आगामी 3 जनवरी को गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज, नगला मांगरोल में माता सावित्रीबाई फुले की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बौद्ध महासभा इस कार्यक्रम के माध्यम से माता सावित्रीबाई फुले के विचारों, संघर्ष और शैक्षिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाएगी तथा दलित, पिछड़े एवं वंचित समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक करेगी।
उन्होंने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में शिक्षा की अलख जगाई, जब महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए शिक्षा प्राप्त करना बेहद कठिन था। वर्ष 1848 में महात्मा ज्योतिराव फुले के साथ पुणे के भिड़ेवाड़ा में बालिकाओं के लिए विद्यालय शुरू कर उन्होंने महिला शिक्षा की ऐतिहासिक नींव रखी। इस सामाजिक परिवर्तन की राह में उन्हें भारी विरोध, अपमान और कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विद्यालय जाते समय उन पर कीचड़ और गोबर तक फेंका जाता था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और शिक्षा की ज्योति जलाती रहीं।
धर्म प्रकाश भारती ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का संघर्ष केवल महिला शिक्षा तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने जातिगत भेदभाव, छुआछूत, बाल विवाह और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी आवाज उठाई। विधवाओं और वंचित महिलाओं के अधिकारों के लिए उनका योगदान भी अविस्मरणीय है। उनका जीवन आज भी समानता, आत्मसम्मान और शिक्षा के अधिकार की प्रेरणा देता है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि माता सावित्रीबाई फुले के त्याग, संघर्ष और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए 3 जनवरी को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस घोषित किया जाए तथा उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
बैठक में उपस्थित लोगों ने संकल्प व्यक्त किया कि माता सावित्रीबाई फुले के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा तथा शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय बौद्ध महासभा के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

