2027 में फिर सरकार बनाने का जताया विश्वास
आगरा। दीपावली पर्व के अवसर पर सोमवार को सत्तो लाला फूड कोर्ट, शाहगंज में भाजपा नेता राहुल सागर व विकास भारद्वाज की ओर से प्रेस मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राहुल सागर एवं महानगर मंत्री विकास भारद्वाज ने सभी क्षेत्रवासियों और देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। दोनों नेताओं ने वर्ष 2027 में प्रदेश में पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का विश्वास जताया।
राहुल सागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार ने जनहित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। राशन वितरण, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं और जनता का विश्वास भाजपा के प्रति मजबूत हो रहा है। छावनी विधानसभा क्षेत्र में वह सेक्टर स्तर पर सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय हैं। क्षेत्रवासियों का उन्हें लगातार बढ़-चढ़कर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रदेश में भाजपा का कमल खिलेगा।
विकास भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और सुशासन का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सेक्टर स्तर पर सामाजिक कार्यों के जरिए वह जनता के बीच सक्रिय हैं और लोगों का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है। भाजपा कार्यकर्ता पूरे दमखम के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे। जनता के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत से वर्ष 2027 में डबल इंजन की सरकार पुनः सत्ता में आएगी।

