पत्रकारों का पटका पहनाकर किया गया स्वागत एवं सम्मान,
भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर झूमे श्रोता

आगरा- दीपोत्सव के पावन अवसर पर विश्व संवाद केंद्र, आगरा में भजन संध्या एवं पत्रकार मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दीपोत्सव की उमंग, भक्ति और आपसी सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार बंधुओं एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान प्रचार विभाग की ओर से उपस्थित पत्रकार बंधुओं का पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य दीपोत्सव की खुशियों को साझा करने के साथ-साथ पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, परिचय और सौहार्द को और मजबूत करना रहा।

समारोह में प्रमुख रूप से विजय जी (त्रि क्षेत्र संगठन मंत्री), कीर्ति जी (प्रांत प्रचार प्रमुख), रजत जी (प्रांत प्रचार टोली सदस्य), अशोक चौबे जी (प्रांत प्रचार टोली सदस्य), आदेश जी (विश्व संवाद प्रमुख), राकेश जी (सह विश्व संवाद प्रमुख), वीरेन्द्र जी (आगरा पश्चिम महानगर प्रचार प्रमुख), चंद्रेश जी (सीकरी जिला प्रचार प्रमुख), योगेश जी (छावनी महानगर सह प्रचार प्रमुख), अजय गिर्ज जी (आगरा पूर्वी महानगर सह प्रचार प्रमुख) एवं कमल जी (भाग प्रचार प्रमुख) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विज्ञापन

कार्यक्रम में आयोजित भजन संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गीत-संगीत से सजी इस शाम में भजन गायक विकास जी ने अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके द्वारा प्रस्तुत भजन "मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान" और "गोवर्धन महाराज, महाराज तेरे माथे मुकुट" ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रोता झूमते और तालियां बजाते नजर आए।
दीपोत्सव की खुशियों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति, संगीत और आपसी मेल-मिलाप का सुंदर वातावरण बना रहा। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने इस आयोजन का आनंद लिया और दीपोत्सव की शुभकामनयें दी।