केबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय नें कहा मोदी का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पित है

नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर  समूचे उत्तर प्रदेश में 'सेवा संकल्प अभियान' की भव्य शुरुआत हुई। जिसमे ताजनगरी के आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मनकामेश्वर मण्डल स्थित अचल भवन, दरेसी में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस शिविर का बतौर मुख्य अतिथि फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया।

शिविर की शुरुआत के साथ ही कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं में भारी उत्साह देखा गया, जहाँ लोगों ने कतारबद्ध होकर राष्ट्र सेवा के इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

विज्ञापन

रक्तदान शिविर के दौरान उपस्थित जनसमूह और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई दी। उन्होंने पीएम मोदी के जीवनकाल की उपलब्धियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने  कहा प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और जनकल्याण को समर्पित है। उन्होंने देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। आज हम उनके जन्मदिवस को 'सेवा दिवस' के रूप में मना रहे हैं, क्योंकि सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं हो सकता, क्योंकि आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। मैं सभी कार्यकर्ताओं और युवाओं का आभार व्यक्त करता हूँ जो इस राष्ट्रव्यापी महाअभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रहे हैं।"
महीने भर चलेगा 'सेवा संकल्प अभियान
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में यह सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से आगामी 17 अक्टूबर तक पूरे एक महीने तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत केवल रक्तदान शिविर ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और सरकार की नीतियों से आम जनमानस को जोड़ने के विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे। 
दरेसी में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध जनों, भारतीय जनता युवा मोर्चा  के पदाधिकारियों और भारी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की। इस मौके पर प्रमुख रूप से 
धीरज जैन, डॉ अलौकिक उपाध्याय, संजय शर्मा, दीपक खरे, अनुराग चतुर्वेदी, अनुज शर्मा, राहुल शर्मा , अमर गुप्ता,  रोबिन गुप्ता,  संजीव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।