सपा-कांग्रेस को बताया भाजपा की ‘B टीम’; बोले- बहनजी को पांचवीं बार CM बनाएं, आगरा को जन्नत बना देंगे
आगरा के एत्मादपुर में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने जनसभा को संबोधित करते हुए सर्वेश बघेल को विधानसभा प्रत्याशी घोषित किया। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी और दलित सम्मान को लेकर भाजपा, सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
“चुनाव के समय ही याद आता है आगरा, 6 दिसंबर को लखनऊ चलें”
भाजपा सरकार के 10 साल पर सवाल: “विज्ञापन खूब देखे, रोजगार नहीं मिला”
अखिलेश और रामगोपाल यादव पर हमला: “दलित समाज से माफी मांगें”
बड़ा सियासी वार: “सपा और कांग्रेस ही भाजपा की असली B टीम” आगरा को ‘जन्नत’ बनाने का वादा
आगरा।: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अपने पुराने गढ़ आगरा में खोई हुई सियासी जमीन वापस पाने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने रविवार को एत्मादपुर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। मॉडल स्कूल के मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने मंच से सर्वेश बघेल को एत्मादपुर विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। अपने आक्रामक अंदाज में आकाश आनंद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस तीनों पर एक साथ तीखा सियासी हमला बोला और कार्यकर्ताओं से 6 दिसंबर को लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया।
“चुनाव के समय ही याद आता है आगरा, 6 दिसंबर को लखनऊ चलें”
जनसभा में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि इन पार्टियों को सिर्फ चुनाव के समय ही आगरा की याद आती है। उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती का संदेश देते हुए कहा कि आगामी 6 दिसंबर को बाबा साहेब के परिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ पहुंचने के लिए सभी तैयार रहें, जहां खुद बहनजी (मायावती) समाज और कार्यकर्ताओं को अपना संदेश देंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एत्मादपुर पूरी तरह तैयार है और इस बार सर्वेश बघेल को भारी मतों से जिताकर विधानसभा भेजना है।
भाजपा सरकार के 10 साल पर सवाल: “विज्ञापन खूब देखे, रोजगार नहीं मिला”
योगी और केंद्र सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आकाश आनंद ने कहा कि उत्तर प्रदेश सिर्फ होर्डिंग्स और विज्ञापनों में नंबर वन है, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद खराब है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने जनता के टैक्स के हजारों करोड़ रुपये केवल प्रचार-प्रसार पर खर्च कर दिए, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिला।
उन्होंने प्रदेश में दो करोड़ से ज्यादा युवाओं के बेरोजगार होने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में लाखों सरकारी पद खाली पड़े हैं। युवा दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक हो जाते हैं और सरकार इसे रोकने में पूरी तरह विफल रही है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में प्राथमिक और सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
अखिलेश और रामगोपाल यादव पर हमला: “दलित समाज से माफी मांगें”
समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए आकाश आनंद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और प्रोफेसर रामगोपाल यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने दोनों नेताओं से दलित समाज के प्रति की गई टिप्पणियों और व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। आकाश आनंद ने कहा कि सपा की राजनीति में दलित केवल एक ‘वोटर’ बनकर रह गया है, उसे कभी सम्मान की कुर्सी पर बैठने का अधिकार नहीं मिल पाता।
बड़ा सियासी वार: “सपा और कांग्रेस ही भाजपा की असली B टीम”
बसपा को अक्सर भाजपा की ‘B टीम’ बताने वाले विपक्षी आरोपों पर पलटवार करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि हकीकत यह है कि भाजपा और कांग्रेस की नीतियां एक जैसी हैं, और समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस ही भाजपा की असली ‘B टीम’ बनकर काम कर रही हैं। उन्होंने जनता को आगाह किया कि चुनाव नजदीक आते ही ये दल गुमराह करने के लिए नई-नई चालें चलेंगे, लेकिन बहुजन समाज को इनके बहकावे में नहीं आना है।
ताजनगरी के विकास का खाका खींचते हुए आकाश आनंद ने जनता से अपील की कि वे बहनजी (मायावती) को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएं। उन्होंने वादा किया कि बसपा की सरकार बनते ही आगरा का रुका हुआ विकास फिर से शुरू किया जाएगा और आगरा को ‘जन्नत’ जैसा खूबसूरत और विकसित बनाया जाएगा।

