बुद्धा पार्क में सामाजिक समरसता का भव्य शंखनाद, उपेंद्र सिंह समेत समाजसेवियों का चांदी का मुकुट पहनाकर अभिनंदन
निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय बुद्धा पार्क में गूंजे भगवान गौतम बुद्ध के शांति, करुणा और भाईचारे के संदेश; हजारों लोगों की मौजूदगी में हुई भव्य बुद्ध वंदना, आसमान से हुई पुष्प वर्षा बनी आकर्षण का केंद्र
आगरा। कालिंदी विहार स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय बुद्धा पार्क सामाजिक समरसता, एकता, सद्भाव और भगवान गौतम बुद्ध के शांति संदेशों का साक्षी बना। यहां आयोजित भव्य सामाजिक समरसता एवं बुद्ध वंदना कार्यक्रम में हजारों लोगों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक गरिमा प्रदान की।इस अवसर पर बुद्धा पार्क के निर्माण एवं विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों का भव्य सम्मान किया गया। भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह सहित प्रमुख पदाधिकारियों को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं आयोजक ईजी. किशन सीटू चौहान ने भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, संरक्षक नत्थी सिंह जसोरा, राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार (पूर्व न्यायधीश) तथा प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह को बुद्धा पार्क के निर्माण एवं विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गूंज के बीच समाजसेवियों के योगदान का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता किशन सीटू चौहान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बुद्धा पार्क का निर्माण एवं विकास सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और भगवान गौतम बुद्ध के विश्वव्यापी शांति संदेशों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
हवाई पुष्प वर्षा के बीच गूंज उठी बुद्ध वंदना
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं भावविभोर कर देने वाला दृश्य उस समय देखने को मिला, जब बुद्ध वंदना के दौरान लगातार हवाई पुष्प वर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों के बीच हजारों श्रद्धालुओं एवं उपस्थित नागरिकों ने श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ बुद्ध वंदना में सहभागिता की। पूरा बुद्धा पार्क परिसर भगवान गौतम बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री और मानवता के संदेशों से गुंजायमान हो उठा।
समरसता, सद्भाव और एकता का दिया सशक्त संदेश
भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने बुद्धा पार्क में आयोजित इस भव्य समारोह ने स्पष्ट संदेश दिया कि महापुरुषों के विचार, सामाजिक एकता और जनसहभागिता ही एक समरस एवं सशक्त समाज की वास्तविक नींव हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने समाज को जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का प्रेरक संदेश दिया। भगवान बुद्ध के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और महापुरुषों के आदर्शों को सामाजिक जीवन में आत्मसात करने का संकल्प भी इस आयोजन के माध्यम से दिखाई दिया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं आयोजक ईजी. किशन सीटू चौहान, राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार (पूर्व न्यायधीश), पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित, भाजपा जिला प्रभारी घनश्याम लोधी, भाजपा बृज क्षेत्र महामंत्री अशोक पिप्पल, चंद्रभान ठेकेदार, रचना सिंह, लायक सिंह, प्रमुख समाजसेवी मुकेश गुप्ता, आर.आर.पी. सिन्हा, धर्मेंद्र सिंह, चंद्रपाल चाहर, किरावली चेयरमैन प्रतिनिधि अभिजीत इंदौलिया, महिपाल सिंह, सुशील यादव, आदित्य अग्रवाल, सुरेंद्र जाटव एवं आनंद कुमार सहित हजारों की संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

