नेपाली प्रतिनिधिमंडल ने निहारा ताजमहल, ब्रज के भी किए दर्शन
आगरा। भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक, साहित्यिक और पत्रकारिता संबंधों को बढ़ावा देने के लिए ताज प्रेस क्लब आगरा और लुंबिनी प्रेस क्लब नेपाल के बीच महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) हुआ। इसके तहत दोनों देशों के पत्रकार आपसी संवाद, साहित्यिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे।
साझा संस्कृति और मित्रता का मजबूत सेतु
ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध हैं। लुंबिनी दुनिया को शांति और अहिंसा का संदेश देता है, तो ताजमहल प्रेम व एकता का प्रतीक है। यह समझौता दोनों देशों की परंपराओं को जोड़ने का मजबूत सेतु बनेगा। वहीं, लुंबिनी प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमल राय माझी ने इसे पत्रकारिता और द्विपक्षीय मैत्री संबंधों में मील का पत्थर बताया।
जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की भाषा, बोली और संस्कृति में गहरी समानता है, और यह समझौता आपसी सद्भाव व एकता को और मजबूत करेगा।
ताजमहल व ब्रज का भ्रमण
कार्यक्रम के बाद नेपाली प्रतिनिधिमंडल ने ताजमहल का दीदार किया और मथुरा-वृंदावन के धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण किया। इस अवसर पर महासचिव विवेक कुमार जैन, अजेंद्र सिंह चौहान, सज्जन सागर, आदर्श नंदन गुप्ता, अनिल राना, पीयूष शर्मा सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

