मौके पर क्षेत्रीय जोन अवर अभियंता हरिओम, और क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान के साथ किया स्थलीय निरीक्षण

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य जनता की प्रत्येक शिकायत का कर रहे निस्तारण

सीएम ग्रिड के काम में मानकों की अनदेखी पर जताई नाराजगी, नाले पर बनेंगे दो मेनहोल; धूल रोकने के लिए लगातार होगा पानी का छिड़काव

विज्ञापन

आगरा। देहली गेट क्षेत्र में अतिक्रमण और सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी से हो रहे वायु प्रदूषण को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने शनिवार को वार्ड 95 के देहली गेट क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को तीन दिन के भीतर विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ने से रोकने के लिए लगातार पानी का छिड़काव कराने और खुले नाले को ढकने के भी निर्देश दिए।
   क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने नगर आयुक्त से क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और सीएम ग्रिड के निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने की शिकायत की थी। पार्षद ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ने से क्षेत्र में वायु प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाले की सफाई में आ रही दिक्कतों की ओर भी नगर आयुक्त का ध्यान आकर्षित कराया। बताया कि नाले की नियमित सफाई और बेहतर जल निकासी के लिए दो स्थानों पर मेनहोल का निर्माण कराया जाना जरूरी है।
  इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को नाले पर दोनों स्थानों पर मेनहोल बनाने के निर्देश दिए। वहीं गोवर्धन होटल के पास स्थानीय दुकानदारों द्वारा नाले में छोटा पाइप डाल दिए जाने से पानी का प्रवाह बाधित होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल पाइप हटवाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नाले के बहाव में किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए, जिससे जल निकासी सुचारु बनी रहे।
नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य के दौरान पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखने की हिदायत देते हुए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने को कहा, ताकि धूल और मिट्टी उड़ने से लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने खुले नाले को भी जल्द ढकवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय अवर अभियंता हरीओम ,जोनल स्वच्छता अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।