नगर निगम पर लापरवाही का आरोप अधिकारियों ने सुरक्षा के नहीं किये इंतजाम भगवान बौद्ध के अनुयायियों में उबाल
आगरा। कालिंदी विहार स्थित निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित बुद्धा पार्क की सुरक्षा और गरिमा को लेकर भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के समक्ष कड़ी आपत्ति जताई है। प्रतिनिधिमंडल ने आगरा मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और पार्क की सुरक्षा व्यवस्था तत्काल सुदृढ़ करने की मांग की।
धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि निर्माणाधीन बुद्धा पार्क में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर कुछ असामाजिक तत्व चढ़कर वीडियो और रील बना रहे हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। इस प्रकार की हरकतों से करोड़ों अनुयायियों की धार्मिक आस्था, श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक भावनाएं आहत हो रही हैं, जिससे समाज में गहरा आक्रोश है।
मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है बुद्धा पार्क
उपेन्द्र सिंह ने कहा कि यह विश्वस्तरीय बुद्धा पार्क मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है और यह करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। इसकी गरिमा की रक्षा करना प्रशासन और समाज दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि पार्क में ऐसी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए ताकि कोई भी असामाजिक तत्व प्रतिमा या परिसर की गरिमा से खिलवाड़ करने का दुस्साहस न कर सके।
नगर आयुक्त ने दिए त्वरित निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने तत्काल संबंधित ठेकेदार को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पार्क की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पुलिस आयुक्त को भी पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुद्धा पार्क की गरिमा और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की त्वरित पहल पर प्रतिनिधिमंडल ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पार्क में निरंतर निगरानी और स्थायी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की मांग दोहराई। इस अवसर पर एडवोकेट अर्जुन सिंह, एडवोकेट छाया वर्मा, एडवोकेट सोनिका पिप्पल और एडवोकेट लवकुश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


