चलती ट्रेन के भीतर एक शख्स की ऐसी हरकत कैमरे में कैद हुई है, जिसने यात्रियों की सुरक्षा, सार्वजनिक स्वच्छता और ट्रेन के भीतर बढ़ती भीड़ को लेकर नई बहस छेड़ दी है।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक बेहद भीड़भाड़ वाला ट्रेन का डिब्बा नजर आ रहा है। हालात ऐसे हैं कि यात्री बर्थ के साथ-साथ फर्श पर भी बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति को डिब्बे के अंदर खड़े होकर पेशाब करते हुए देखा जा सकता है। शख्स की इस हरकत को देखकर आसपास मौजूद यात्रियों ने नाराजगी जताई। वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे के मुताबिक, कुछ यात्रियों ने उसे ऐसा करने से रोका और ट्रेन के शौचालय का इस्तेमाल करने के लिए कहा।

बताया जा रहा है कि शख्स ने अपनी हरकत पर सवाल उठाने वाले यात्रियों से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। वायरल फुटेज में कुछ यात्री उस व्यक्ति को घेरते हुए नजर आते हैं। इसी दौरान एक यात्री उसके साथ मारपीट करता दिखाई देता है, जबकि कुछ अन्य लोग शिकायत करने और कार्रवाई कराने की बात कहते नजर आते हैं।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने ट्रेन में साफ-सफाई तथा यात्रियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना को नागरिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी। वहीं कुछ लोगों ने ट्रेन के डिब्बों में होने वाली अत्यधिक भीड़भाड़ पर भी सवाल उठाया। बहस सिर्फ इस बात पर नहीं है कि ट्रेन में खुलेआम पेशाब करना कितना अनुचित है, बल्कि यह सवाल भी उठ रहा है कि ऐसी स्थिति पैदा होने पर यात्रियों को क्या करना चाहिए।क्या किसी यात्री की गलत हरकत का विरोध करना पर्याप्त है, या फिर ऐसे मामलों में सीधे रेलवे स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था को सूचना दी जानी चाहिए?

एक और सवाल यह भी है कि भीड़भाड़ वाले डिब्बों में यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं और स्वच्छ माहौल किस तरह उपलब्ध कराया जाए। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे सेवा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने भी मामले पर प्रतिक्रिया दी। रेलवे की ओर से घटना की जानकारी मांगी गई और ट्रेन नंबर, पीएनआर, मोबाइल नंबर तथा घटना की तारीख और समय जैसी जानकारी साझा करने को कहा गया। रेलवे सेवा ने कहा कि पूरी जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों को शिकायत दर्ज कराने के लिए रेलमदद पोर्टल का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई।

फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।एक तरफ सार्वजनिक जगह पर स्वच्छता और जिम्मेदार व्यवहार की बात हो रही है, तो दूसरी तरफ सवाल यह भी है कि कानून हाथ में लेने के बजाय ऐसी घटनाओं की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जानी चाहिए। वायरल वीडियो की घटना किस ट्रेन और किस तारीख की है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

यह एक काल्पनिक फोटो है