विकास खंड खंदौली में राष्ट्रगान, माल्यार्पण और देशभक्ति के साथ मना स्वतंत्रता दिवस
शहीदों को नमन कर विकास का लिया संकल्प, स्वच्छता की ली गई शपथ
कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया
विकास खंड खंदौली में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80 वां स्वतंत्रता दिवस ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन

आगरा। शनिवार को 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकास खंड कार्यालय खंदौली में ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इसके पश्चात विकास खंड परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी गणमान्य लोगों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को शत-शत नमन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। और इसके साथ ही उन्होंने कहा कि देश की आजादी में शहीद हुए क्रांतिकारियों को याद किया और सभी नागरिकों के योगदान को सराहा। आशीष शर्मा ने कहा कि देश की आजादी में क्रांतिकारियों का बलिदान और सभी लोगों का काफी योगदान रहा है। आजादी को बनाए रखने की जिम्मेदारी अब हम सबकी है। स्वच्छता, एकता और राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक को अपना योगदान देना होगा। तभी शहीदों के सपनों का भारत बन सकेगा। शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए हम सभी को देश के विकास में अपनी सहभागिता निभानी होगी और एकता-अखंडता को बनाए रखना होगा।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विजय अग्रवाल, सहायक विकास अधिकारी सुभाष झा, सचिवगण गौरव पाठक, गौरव शर्मा, लाइका कुमारी, अमित रावत, संजय सिंह, यशवंत सिंह सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।




