बोले—शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता

आगरा। जिले के नवागत मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अमित कुमार ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने कहा कि शासन की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही जिले में संचालित विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य पूरे कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

वर्ष 2011 बैच के पीसीएस अधिकारी अमित कुमार को 30 जून 2026 को पदोन्नति देकर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में शामिल किया गया था। आगरा में तैनाती से पहले वह कानपुर देहात में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद पर कार्यरत थे। इससे पूर्व वह रायबरेली, लखनऊ, बिजनौर, जौनपुर और गाजियाबाद सहित कई जिलों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। लखनऊ में उन्होंने अपर नगर आयुक्त और एसडीएम सदर के रूप में भी कार्य किया है।

विज्ञापन

कार्यभार संभालने के बाद सीडीओ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। इसके लिए अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देना होगा।

सीडीओ ने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी एवं विभागीय मानकों के अनुसार कराए जाएं। विकास खंडों में तकनीकी सहायकों, अवर अभियंताओं और सहायक अभियंताओं के माध्यम से कार्यों की निगरानी की जाती है। इसके अलावा संबंधित समितियों द्वारा निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया जाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी, मानकों की अनदेखी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कंपनी या फर्म के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों को गंभीरता से लेते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।