विंटेज कार पर सवार होकर निकले दादा साहब, सामाजिक एकता का दिया संदेश

28 स्थानों पर पुष्पवर्षा कर हुआ शोभायात्रा का स्वागत, जयंती पर उमड़ा जनसैलाब

आगरा। दादासाहब डॉ. मानिकचंद जाटव वीर जयंती शोभायात्रा समिति एवं युवा जाटव महापंचायत के संयुक्त तत्वावधान में दादासाहब डॉ. मानिकचंद जाटव वीर के 129वें जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। खतैना स्थित डॉ. मानिकचंद वीर इंटर कॉलेज से निकली शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के निवर्तमान उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता, विशिष्ट अतिथि दिनेश अग्रवाल एवं संस्थापक अध्यक्ष शांति प्रसाद सम्राट ने तथागत बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

विज्ञापन

नीरज गुप्ता ने कहा कि डॉ. मानिकचंद वीर ने चर्मकार समाज को जाटव वीर शब्द से संबोधित किया। वर्ष 1936 में जाटव शब्द को मान्यता दिलाने के साथ ही जाटव महासभा की स्थापना की। वर्ष 1943 में उन्हें राय बहादुर की उपाधि से सम्मानित किया गया। वर्ष 1952 में हुए प्रथम लोकसभा चुनाव में वे सवाई माधोपुर से कृषिकार लोक पार्टी के प्रत्याशी के रूप में सांसद निर्वाचित हुए। उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझते हुए वर्ष 1937-38 में जाटव वीर इंस्टीट्यूशन की स्थापना की तथा 1940 में खतैना में छात्रावास भी खुलवाया।

अध्यक्ष शांति प्रसाद सम्राट ने बताया कि शोभायात्रा निकालने का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को दादासाहब के जीवन, संघर्ष, ऐतिहासिक योगदान और समाज के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराना है। शोभायात्रा में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संदेश देने के साथ एकता, अखंडता, शिक्षा और सामाजिक चेतना को दर्शातीं लगभग 16 आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण सफेद विंटेज कार पर सुसज्जित दादासाहब डॉ. मानिकचंद जाटव वीर की झांकी रही। पहली बार विंटेज कार पर निकाली गई इस झांकी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

महासचिव राजकुमार एडवोकेट ने बताया कि शोभायात्रा खतैना से प्रारंभ होकर जगदीशपुरा, बोदला चौराहा, मारुति स्टेट, रामनगर की पुलिया, प्रकाश नगर, भोगीपुरा, साकेत कॉलोनी, सिरकी मंडी, लोहामंडी और नौबस्ता होते हुए पुनः खतैना पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में 28 स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। अतिथियों का स्वागत एवं आभार जीतेश कुमार सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष शशिपाल सागर, गोपाल कौशल, राजकुमारी, बृजेश अम्बेश, राकेश कुमार पिप्पल, सतीश सागर, राजकुमार मौर्य, देवेंद्र सिंह, गोगा मौर्य, रामहरी दुवेश, श्याम बाबू, किशन बिहारी, केशव प्रसाद कर्दम, गजेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।