आगरा। बोधि अवेयर फाउंडेशन की एक आवश्यक बैठक समाजसेवी एवं बिल्डर मूलचंद के कमला नगर स्थित तेज नगर निवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सुनील साकेत ने की तथा सफल संचालन वीरेंद्र चौधरी द्वारा किया गया।
बैठक के दौरान संस्था की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए गहन चिंतन-मनन किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बोधि अवेयर फाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जल्द ही एक नए बायलॉज से अवगत कराया जाएगा। इस नए बायलॉज में संस्था की भविष्य की गतिविधियों के संचालन, प्रचार-प्रसार तथा संगठन से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्रियां और दिशा-निर्देश शामिल होंगे।
बैठक में संस्था के उद्देश्यों के बारे में वक्ताओं ने कहा कि बोधि अवेयर फाउंडेशन का प्राथमिक लक्ष्य डॉ. बी.आर. अंबेडकर की विचारधारा और बौद्ध धर्म का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। इसके साथ ही, आगरा शहर में स्थित विभिन्न बौद्ध विहारों के इतिहास और महत्व के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
संस्था ने समाज में व्याप्त कुरीतियों, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध पुरजोर तरीके से सामाजिक कार्य करने का संकल्प लिया। इन अभियानों को शासन और प्रशासन के सहयोग से धरातल पर उतारा जाएगा।
पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की सफलता का जिक्र करते हुए बताया गया कि जिस प्रकार बोधि अवेयर फाउंडेशन के बैनर तले हनुमान नगर स्थित देव कुमार साकेत जी के विद्यालय में कानून जागरूकता कैंप का सफल आयोजन किया गया था जिसमें विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तथा 10 से अधिक अधिवक्ताओं ने आमजन को कानून की बारीकियों और अधिकारों की जानकारी दी थी। ठीक उसी प्रकार आगे भी समाज को कुरीतियों और शोषण के खिलाफ जागरूक करने के लिए बड़े पैमाने पर शिविर लगाए जाएंगे।
बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि बोधि अवेयर फाउंडेशन केवल एक संस्था मात्र नहीं है, बल्कि यह सभी सदस्यों और समाज के बीच एक आत्मीय व पारिवारिक माहौल बनाने में विश्वास रखती है।
बैठक में संस्था के अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। अंत में समाजसेवी मूलचंद ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक के समापन की घोषणा की।


