आगरा। एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ आगरा (अप्सा) की ओर से सेंट एंड्र्यूज स्कूल, बरौली अहीर के वातानुकूलित सभागार में 27 अगस्त को अप्सा गर्ल्स चाइल्ड हायर एजुकेशन छात्रवृत्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवयित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी और अप्सा पदाधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान अतिथियों का पौधा और बैज भेंटकर स्वागत किया गया। छात्राओं ने हनुमान चालीसा पर मनमोहक नृत्य, गीत और प्रेरणादायी कविताओं की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में समां बांध दिया।

महिला सशक्तीकरण और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को गति देने के उद्देश्य से अप्सा द्वारा प्रतिवर्ष मेधावी एवं निर्धन छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस वर्ष 49 छात्राओं का चयन किया गया। प्रत्येक छात्रा को आठ हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। अगले तीन वर्षों में प्रत्येक छात्रा को कुल 24 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।

विज्ञापन

अप्सा सचिव डॉ. गिरधर शर्मा ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में संस्था द्वारा निर्धन एवं मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए 29 लाख 36 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जा चुकी है।

अप्सा उपाध्यक्ष एवं सिंबायोसिया वर्ल्ड स्कूल के निदेशक डॉ. जीएस राणा ने परी कटारा को अतिरिक्त तीन वर्षों के लिए 51 हजार रुपये तथा सान्या खान को 36 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

मुख्य अतिथि डॉ. रुचि चतुर्वेदी ने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। अप्सा अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि यह देश में अपनी तरह का अनूठा समाजोपयोगी प्रयास है।

कार्यक्रम में अप्सा पदाधिकारी, स्कूल संचालक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।