अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम, आगरा बैराज, किसान भवन की स्थापना, तथा शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कर अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का बनाये जाने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
शहर की प्राचीन नहर प्रणाली को चिन्हित कर अतिक्रमणमुक्त व पुनर्जीवित कर, सौन्दर्यीकरण कराने के दिए निर्देश
आगरा विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में कहा कि आगरा अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है, उसी स्तर की यहां सड़क, सुविधाएं,इंफ्रास्ट्रक्चर विकास हेतु कार्य योजना बनाकर कार्य कराएं जाएं, उन्होंने कहा कि आगरा में प्राथमिकता पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण की कार्य योजना एडीए या नगर निगम द्वारा बनाई जाए, आगरा के अभी भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ध्रुव जुरैल, दीप्ति शर्मा खेल रहे, अनेक खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में निकले हैं, सांसद राज कुमार चाहर ने महुअर में लैदर पार्क की जमीन पर, या एत्मादपुर में किसी स्थान को चिह्नित कर अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम की प्रस्तावना करने तथा चौधरी बाबूलाल ने दक्षिणी बाईपास पर नगला सिकरवार में पड़ी खाली जमीन पर केंद्रीय विद्यालय बनाने के प्रस्ताव दिए।
जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) आगरा में दूरदराज क्षेत्रों से आए किसानों हेतु शहर के मध्य में किसान भवन की स्थापना करने की कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि इस हेतु सभी जनप्रतिनिधि वित्तीय सहयोग को तैयार हैं। भविष्य की पेयजल समस्या समाधान हेतु यमुना पर बैराज निर्माण हेतु शासन में तत्काल प्रभावी पैरवी कर अप स्ट्रीम या डाउन स्ट्रीम, बैराज निर्माण की महती आवश्यकता व निर्माण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी में एक केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु कार्यवाही आगे बढ़ाने तथा शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर सौंदर्यीकरण करा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाए।
बैठक में विशेष आमंत्रित केंद्रीय राज्य मंत्री, मत्स्यपालन, पशुपालन, डेयरी एवं पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार प्रोफेसर एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि ग्राम पंचायतों के अपने राजस्व स्रोत से बहुउद्देशीय सामुदायिक भवनों एवं मैरिज हॉल के निर्माण पर धनराशि व्यय करने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। अतः सभी पंचायतों में बहुउद्देशीय सामुदायिक भवनों की स्थापना की जाए के प्रस्ताव तैयार किए जाएं, जिससे कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार, शादी, विवाह, जन्मदिन एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उनका उपयोग कर सकें। हरीपर्वत-सेंट जाॅंस काॅलेज रेलवे पुल के चैड़ीकरण कार्य की जानकारी ली, जिसमें पीडब्लूडी विभाग ने बताया कि रेलवे से निर्माण की अनुमानित राशि हेतु प्रस्ताव लंबित है। प्रस्ताव प्राप्त होते ही शासन को प्रेषित किया जाएगा। बघेल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत ग्रामीण सड़कों को जोड़ने हेतु नवीन प्रस्ताव की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को उठाते हुए अपने सुझाव एवं प्रस्ताव प्रस्तुत किए। जनप्रतिनिधियों ने शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर उनका सौंदर्यीकरण कराने, जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की प्रभावी कार्ययोजना बनाने, सड़कों के नियमित रखरखाव की जवाबदेही तय करने, नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने तथा वर्षाकाल में प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था बनाए जाने पर बल दिया।
बैठक में प्रस्तावित विभिन्न मॉडल रोड, गंगाजल पाइप लाइन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी/ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण पेय जल कार्यक्रम, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, अमृत योजना, सर्व शिक्षा अभियान, समेकित बाल विकास सेवाएं, मध्याह्न भोजन योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, नगर निगम, नेडा विभाग, लघु सिंचाई विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, मण्डी परिषद, माध्यमिक शिक्षा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास उद्यमशीलता विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गयी।
बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल , मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, नगरायुक्त संतोष वैश्य , आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुणमोली सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण आदि उपस्थिति रहे।

