डॉ. बीआर अंबेडकर चैरिटेबल ट्रस्ट के सातवें स्थापना दिवस पर सामाजिक सेवा और आगामी कार्ययोजना पर हुई चर्चा

आगरा। डॉ. बीआर अंबेडकर चैरिटेबल ट्रस्ट के सातवें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शिरकत की और ट्रस्ट के भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 51 हजार रुपये का दान दिया। उन्होंने ट्रस्ट की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि हम गौतम बुद्ध और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के मिशन और विचारों को आगे बढ़ाने वाले लोग हैं। उन्होंने समाज के युवाओं से अपील की कि बाबा साहेब की जयंती को गरिमापूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को कुछ युवक शराब का सेवन कर तेज संगीत पर नृत्य करने और आपत्तिजनक बयानबाजी करने लगते हैं, जिससे समाज में गलत संदेश जाता है और शहर का माहौल भी प्रभावित हो सकता है। युवाओं को ऐसी विसंगतियों से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने के लिए कार्यक्रम छोटा हो या बड़ा, परिवार सहित उसमें शामिल होना चाहिए। इससे नई पीढ़ी को बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और विचारों के साथ-साथ भवन निर्माण जैसे सामाजिक कार्यों की जानकारी भी मिलेगी।

विज्ञापन

महापौर ने कहा कि शहर में कई एनजीओ और ट्रस्ट सामाजिक सेवा के नाम पर कार्य कर रहे हैं, लेकिन डॉ. बीआर अंबेडकर चैरिटेबल ट्रस्ट ने समाजहित में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट को जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वह अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करने का प्रयास करेंगी।

भीम नगरी के अधूरे कार्य पूरे कराने का आश्वासन

पार्षद निरंजन सिंह केम ने कहा कि भीम नगरी-2024 में जो विकास कार्य शेष रह गए हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय सिंह कर्दम ने कहा कि संस्था अपने सातवें स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक सेवा के संकल्प को और मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण एवं समाजहित से जुड़े कार्यों के लिए वह तन, मन और धन से सदैव तैयार रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय सिंह कर्दम ने की, जबकि संचालन महेश चंद्रा ने किया। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष अजेन्द्र सिंह सूर्या ने वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

समारोह में ट्रस्ट के 71 ट्रस्टीगण ने सपरिवार भाग लिया। इस दौरान ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे चैरिटेबल कार्यों, सामाजिक गतिविधियों, रक्तदान शिविर, लाइब्रेरी संचालन, स्वास्थ्य शिविर एवं शैक्षिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में पार्षद निरंजन सिंह, ई. हाकिम सिंह, ई. रामेश्वर दयाल, ई. दीनानाथ, ई. जेपी सिंह, ई. गंगा सिंह, ई. शीतल प्रसाद, डॉ. मूल मोहम्मद, ई. राजाराम, प्रताप सिंह राणा, ई. मक्खन सिंह, प्रकाश चंद, किशन लाल, प्रेम दास, उषा चड्डा, शालिनी, मंजूराना, उजाला, मुरारी लाल कर्दम, श्रीकृष्ण निगम, राकेश सिंह, भरत सिंह, देवकी नंदन, वीरेंद्र सिंह, सुरेश बाबू सेहरा, सरोज, सावित्री देवी, कल्पना सिंह, बीना, आर.एल. गौतम, अमर सिंह, कज सिंह, बीना निगम, सुधा सिंह, अवधेश निगम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।