प्रेस वार्ता कर जताई नाराजगी कहा दोषियों को बचाया जा रहा
फर्म को ब्लैक लिस्ट से ही करने से नहीं निकलता हल, ठेकेदार पर करानी होगी एफआईआर
आगरा नगर निगम के लोहामंडी जोन में ई-टेंडरिंग प्रक्रिया में बड़ी धांधली और भ्रष्टाचार का सामने आया मामला ठेकेदार फर्म मैसर्स डीके कंस्ट्रक्शन को ब्लैकलिस्ट और जोनल क्लर्क करन खेर को किया गया सस्पेंड
निर्माण कार्यों में घोटाले पर होनी चाहिए एसआईटी जांच और जल्द ही ठेकेदार और अधिकारियों पर मुकदमा
यदि जिम्मेदारों पर नहीं हुई कार्यवाही तो बसपा पार्षद दल जल्द ही सड़कों पर उतरकर करेगा धरना प्रदर्शन
आगरा। आगरा नगर निगम के लोहामंडी जोन में ई-टेंडरिंग में हुए बड़े घोटाले को लेकर बसपा पार्षद दल ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को पार्षदों ने प्रेस वार्ता कर नगर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
पार्षदों ने कहा है कि फर्म को केवल ब्लैकलिस्ट करने से हल नहीं निकलेगा, ठेकेदार पर एफआईआर कराई जाए और पूरे मामले की SIT जांच होनी चाहिए।
क्या है पूरा मामला
लोहामंडी जोन में ई-टेंडरिंग प्रक्रिया में बड़ी धांधली का मामला सामने आया था। शिकायत के बाद जांच में ठेकेदार फर्म मैसर्स डीके कंस्ट्रक्शन को ब्लैकलिस्ट और जोनल क्लर्क करन खैर को सस्पेंड कर दिया गया, साथ ही आधा दर्जन से ज्यादा कंप्यूटर ऑपरेटरों के पटल बदल दिए गए।
बसपा पार्षदों ने क्या कहा
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पार्षद सुनील शर्मा ने कहा भाजपा सरकार कहती है न खाऊंगा न खाने दूंगा, लेकिन यहां उल्टा हो रहा है। नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर बड़ी मछलियों को बचाया जा रहा है। बसपा पार्षद दल नेता कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि हर साल निगम 100 करोड़ के टेंडर निकालता है। 250 पंजीकृत ठेकेदार हैं और पिछले तीन सालों में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा है। दो साल में हुए सभी कार्यों की जांच हो और जिम्मेदार अधिकारियों के नाम सामने लाए जाएं। पार्षद सोहेल कुरैशी ने मेयर हेमलता दिवाकर पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी ढिलाई से सदन नहीं हो रहे। नियम के अनुसार साल में 8 सामान्य सदन होने चाहिए थे, लेकिन अब तक सिर्फ 3 ही हुए हैं। तुरंत सदन बुलाया जाए। पार्षद दल ने चेतावनी दी है कि यदि 5 दिन के अंदर दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर FIR सहित सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बसपा पार्षद दल सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगा।


