पुलिस आयुक्त दीपक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को बड़े हर्षौल्लास से पुलिस कमिश्नरेट स्थापना दिवस

जनता के हित में न्याय बेहतरीन इरादों के संकल्प के साथ मनाया गया आगरा कमिश्नरेट में स्थापना दिवस

आगरा। 26 नवंबर 2022 से शुरू हुआ आगरा पुलिस कमिश्नरेट का सफर आज चार साल का हो गया। गुरुवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में चतुर्थ स्थापना दिवस का भव्य समारोह आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस की ताकत, तकनीक और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

विज्ञापन

दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ -
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। मंच पर पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार सहित कमिश्नरेट के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पूरा परेड ग्राउंड पुलिसकर्मियों, उनके परिवारों और गणमान्य नागरिकों से खचाखच भरा था।

प्रदर्शनी में दिखी आगरा पुलिस की तकनीकी ताकत -
पुलिस लाइन ग्राउंड में लगाई गई भव्य प्रदर्शनी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। यहां कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक, साइबर सेल और अत्याधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी ने लोगों को बताया कि आगरा पुलिस अब कितनी स्मार्ट और हाईटेक हो चुकी है। साइबर ठगी से बचाव के स्टॉल पर लोगों ने सबसे ज्यादा रुचि दिखाई।

नन्हें-मुन्नों के कार्यक्रम ने लूटी महफिल -
स्थापना दिवस की सबसे खूबसूरत तस्वीर तब बनी, जब नन्हें-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियों पर पूरा ग्राउंड तालियों से गूंज उठा। बच्चों की मासूमियत और प्रतिभा ने सभी का दिल जीत लिया।

उपलब्धियों का हुआ बखान
समारोह में चार वर्षों की उपलब्धियों का बखान किया गया। जनता की सुरक्षा, अपराधियों पर शिकंजा, महिला सुरक्षा, त्वरित न्याय और अपराध नियंत्रण में आगरा पुलिस की सफलता की कहानी साझा की गई।

समारोह के अंत में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।