आगरा। शौर्य स्केट्स अकादमी के होनहार खिलाड़ी आकर्ष दास ने गुरुग्राम में आयोजित 19वीं नेशनल रियल गोल्ड रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मात्र 5 वर्ष की आयु में आकर्ष की इस उपलब्धि ने न केवल अकादमी बल्कि पूरे आगरा का गौरव बढ़ाया है।
लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आकर्ष का सपना केवल पदक जीतना ही नहीं, बल्कि रोलर स्केटिंग को देश के प्रमुख खेलों की सूची में उचित स्थान दिलाना भी है। उनका मानना है कि स्केटिंग खिलाड़ियों को भी अन्य खेलों की तरह सरकारी योजनाओं, प्रोत्साहन और सम्मान का समान अवसर मिलना चाहिए।
आकर्ष दास ने अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सबसे बड़ा सपना है कि वे स्केटिंग करते हुए देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तथा उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी तक पहुँचें और उनसे विनम्र निवेदन करें कि रोलर स्केटिंग को सभी सरकारी खेल योजनाओं एवं प्रमुख खेलों की सूची में उचित स्थान दिया जाए, ताकि देशभर के हजारों प्रतिभाशाली स्केटिंग खिलाड़ियों को भी समान अवसर और प्रोत्साहन मिल सके।
शौर्य स्केट्स अकादमी के कोच शौर्य गुप्ता ने बताया कि आकर्ष दास बेहद मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी हैं। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना उनकी प्रतिभा और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि स्केटिंग को भी अन्य खेलों के समान सरकारी सहयोग और योजनाओं का लाभ मिले, तो भारत के स्केटिंग खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम और अधिक रोशन करेंगे।
आकर्ष की इस उपलब्धि और उनके प्रेरणादायक संकल्प की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। खेल प्रेमियों का मानना है कि ऐसे उभरते खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने के लिए रोलर स्केटिंग को भी समान महत्व और सरकारी प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

