मुख्य अतिथि के रूप में वेटलिफ्टिंग के नेशनल चैंपियन डीआईजी स्टांप देवेंद्र कुमार रहे मौजूद
आगरा। बालिकाओं की वेटलिफ्टिंग में भागीदारी बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से आगरा जिला वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा हर माह जिला स्तरीय प्रतियोगिता की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में तीसरी मासिक प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार 30 अक्टूबर को किया गया, जिसमें विभिन्न भार वर्ग की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री देवेंद्र कुमार, डीआईजी स्टांप, आगरा मंडल रहे, जो स्वयं भी वेटलिफ्टिंग के नेशनल चैंपियन हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सत्येंद्रेश्वरी किरण मौजूद रहीं। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बालिकाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच देती हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम:
- 49 किग्रा वर्ग: तन्नू - 98 किग्रा
- 57 किग्रा वर्ग: अन्नू चाहर - 118 किग्रा, उन्नति राजपूत - 112 किग्रा, रंजना चाहर - 103 किग्रा, प्राची सिकरवार - 100 किग्रा
- 77 किग्रा वर्ग: पल्लवी चाहर - 74 किग्रा
- 86 किग्रा वर्ग: कविता सिंह - 164 किग्रा, तनीषा - 92 किग्रा
- 86+ किग्रा वर्ग: नंदिनी बोहरा - 70 किग्रा
बेस्ट लिफ्टर पुरस्कार में प्रथम स्थान कविता सिंह, द्वितीय स्थान अन्नू चाहर और तृतीय स्थान तन्नू ने प्राप्त किया। तीनों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। अन्य विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और नगद पुरस्कार दिए गए, जबकि जिन खिलाड़ियों को स्थान नहीं मिल पाया, उन्हें प्रोत्साहन के लिए सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं नेशनल रेफरी हरदीप सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अशोक भदौरिया, राष्ट्रीय चैंपियन सौरभ शर्मा, सिसांत, विष्णु, अजीत सहित कई खेलप्रेमी मौजूद रहे।

