जन्म लेते ही नवजात को शौचालय में छोड़ गई मां, मासूम की मौत
सीएचसी अछनेरा के टॉयलेट में मिला नवजात, CCTV से मां की तलाश में पुलिस

आगरा के अछनेरा क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी अछनेरा के शौचालय में एक नवजात शिशु मृत अवस्था में मिला, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे अस्पताल का एक कर्मचारी शौचालय में किसी कार्य से गया था। इसी दौरान उसकी नजर शौचालय में पड़े एक नवजात शिशु पर पड़ी। यह देखकर कर्मचारी के होश उड़ गए और उसने तुरंत अस्पताल के अन्य स्टाफ को इसकी सूचना दी।

विज्ञापन

अस्पताल कर्मियों ने तत्काल नवजात को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि शिशु करीब सात माह का था और संभवतः जन्म के तुरंत बाद ही उसे वहां छोड़ दिया गया था।प्रारंभिक आशंका है कि किसी युवती ने लोकलाज या अन्य कारणों के डर से अस्पताल के शौचालय में बच्चे को जन्म दिया और फिर उसे वहीं छोड़कर चली गई। काफी तलाश के बावजूद नवजात की मां का कोई पता नहीं चल सका।

घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी प्रभारी डॉ. नीरज सिंह ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल में देर रात तक चर्चाओं का दौर चलता रहा। हर कोई यही सवाल पूछता नजर आया कि आखिर एक मासूम का क्या कसूर था, जिसे दुनिया में आते ही मौत के हवाले कर दिया गया। अब पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उस महिला की पहचान की जा सके जिसने नवजात को जन्म देने के बाद उसे वहां छोड़ दिया।  फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की बात कह रही है।