आगरा। ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे मांगने, अभद्र व्यवहार करने और परेशान करने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ा अभियान चलाया। अभियान के दौरान उत्तर मध्य रेलवे के आगरा और प्रयागराज मंडल में 42 किन्नरों को गिरफ्तार किया गया।
आरपीएफ के अनुसार यात्रियों ने शिकायत की थी कि कुछ किन्नर ट्रेनों में सफर के दौरान जबरन धन वसूली, भद्दे इशारे और अनुचित व्यवहार कर रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चलती ट्रेनों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 42 लोगों को पकड़ा गया, जिनके खिलाफ रेल अधिनियम-1989 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। कुछ आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भी भेजा गया है।
चलती ट्रेनों में चला विशेष अभियान
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कई बार बड़े स्टेशनों के आसपास से लोग ट्रेनों में सवार हो जाते हैं और आउटर क्षेत्र में उतर जाते हैं, जिससे उनकी पहचान और गिरफ्तारी मुश्किल हो जाती है। इसी वजह से आरपीएफ ने चलती ट्रेनों में अभियान चलाकर कार्रवाई की।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता
रेलवे मंत्रालय ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या आरपीएफ को सूचना दें।
भीख मांगने वालों और करतब दिखाने वालों पर भी नजर
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों और स्टेशनों पर भीख मांगने वाले तथा करतब दिखाकर यात्रियों को परेशान करने वाले लोगों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार ऐसी गतिविधियों से यात्रियों को असुविधा होती है और चोरी जैसी घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।



