स्ट्रीट लाइट बंद कर घरों के गेट खोलने की कोशिश, वीडियो वायरल
अमरोहा में आधी रात रॉड वाली महिला का खौफ... अंधेरे में कॉलोनी के घरों की रेकी करती एक महिला CCTV में कैद हुई है... हाथ में रॉड लेकर पहले स्ट्रीट लाइट बंद की और फिर एक-एक कर कई घरों के गेट खोलने की कोशिश करती नजर आई...मामला अमरोहा की आवास विकास कॉलोनी प्रथम का है, जहां आधी रात एक महिला हाथ में रॉड लेकर संदिग्ध तरीके से घूमती दिखाई दी।
CCTV फुटेज में महिला पहले सड़क की स्ट्रीट लाइट्स बंद करती नजर आ रही है। इसके बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर कई मकानों के गेट तक पहुंचती है और रॉड की मदद से ताले और दरवाजे के हिस्से को टटोलकर गेट खोलने की कोशिश करती दिखाई दे रही है।
हालांकि महिला किसी भी घर में दाखिल नहीं हो सकी। पूरी घटना कॉलोनी में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
लोगों को आशंका है कि महिला चोरी या किसी अन्य वारदात के इरादे से इलाके में पहुंची हो सकती है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। वहीं पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर महिला की पहचान और उसके बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।


