• नाले में रिसाव की वजह से सड़क धंसी, आसपास के मकान में आई दरार खाली कराए गए आवास
  • बिना देरी किए पहुंची नगर निगम की टीम मौके पर तुरंत पहुंचे अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने दिए निर्देश
  • बालू से भरे बोरे डालकर वाल्मीक बस्ती में घरों तक पहुंचने से रोका नाले का पानी, धंसे हिस्से के पुनर्निर्माण के निर्देश

आगरा। मंगलवार को तेज बारिश के बीच ताजगंज क्षेत्र के तेलीपाड़ा वार्ड स्थित वाल्मीक बस्ती से होकर गुजर रहे पुराने नाले का करीब पांच से छह मीटर हिस्सा अचानक धंस जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नाले का पानी आसपास के मकानों में घुसने की आशंका से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
बारिश के दौरान नाला धंसने की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले नाले के तेज बहाव को नियंत्रित करने के लिए पंप लगाकर पानी की निकासी शुरू कराई। अधिकारियों की निगरानी में धंसे हुए हिस्से पर बालू से भरे बोरे और गिट्टी डालकर अस्थायी बांध तैयार किया गया, जिससे नाले का पानी आगे बढ़ने से पूरी तरह रोक दिया गया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से आसपास के घरों में पानी घुसने की आशंका टल गई और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
बुधवार सुबह अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों को धंसे हुए नाले के हिस्से का प्राथमिकता के आधार पर पुनर्निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि नाले के भीतर से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन में रिसाव हो रहा है। इस पर अपर नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कर रिसाव बंद कराने के निर्देश दिए, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो और किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न होने पाए। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। बारिश के मद्देनजर संवेदनशील नालों और जलभराव वाले स्थानों पर टीमें अलर्ट मोड पर हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पंप और संसाधन भी लगाए जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

इस दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है।

कि ताजगंज जोन के "तेलीपाड़ा स्थित पुराने नाले के धंसने की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम को मौके पर भेजकर तत्काल राहत कार्य शुरू कराया गया। अस्थायी बांध बनाकर नाले के पानी को नियंत्रित किया गया है, जिससे आसपास के घरों को सुरक्षित रखा जा सका। धंसे हुए हिस्से का शीघ्र स्थायी पुनर्निर्माण कराया जाएगा तथा लीक पाइपलाइन की भी तत्काल मरम्मत कराई जा रही है। बारिश के मौसम में नगर निगम की सभी टीमें 24 घंटे अलर्ट पर हैं और नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

विज्ञापन