ठेकेदार फर्म मैसर्स डीके कंस्ट्रक्शन ब्लैकलिस्ट, लोहामंडी जोनल लिपिक निलंबित

हरीपर्वत जोन के मुगल रोड सुलतानगंज की पुलिया पर बन रहे नाले में भी है ठेकेदार कर रहा खेल, घटिया निर्माण की तस्वीरें सोशल मीडिया पर हो रही तेजी से वायरल

खटीक बस्ती में मरम्मत और बाउंड्रीवाल के काम की पत्रावलियों में मिलीं अनियमितताएं, नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बैठाई जांच

विज्ञापन

गोपनीय शिकायत पर नगर आयुक्त ने कराई जांच

आगरा। नगर निगम में निर्माण कार्यों से संबंधित पत्रावलियों में अनियमितताओं के मामले में नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया है। गोपनीय शिकायत मिलने के बाद कराई गई जांच में लोहामंडी जोन के खटीक बस्ती स्थित कक्ष संख्या-26 में कराए गए दो कार्यों की पत्रावलियों में प्रथम दृष्टया अनियमितताएं सामने आई हैं। इस पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने तत्काल प्रभाव से संबंधित ठेकेदार फर्म मैसर्स डीके कंस्ट्रक्शन को कालीसूची में दर्ज कर दिया है। वहीं, प्रकरण में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर संबंधित जोनल लिपिक को निलंबित कर दिया गया है। मामला लोहामंडी जोन के कक्ष संख्या-26, खटीक बस्ती में हॉल की मरम्मत और निर्माण कार्यों से जुड़ा है। गोपनीय शिकायत के आधार पर नगर आयुक्त ने मामले की गोपनीय जांच कराई थी। जांच के दौरान दो अलग-अलग पत्रावलियों में अनियमितताएं पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
इनमें पहली पत्रावली हॉल की छत और फर्श की मरम्मत के साथ रंगाई-पुताई के कार्य से संबंधित है। दूसरी पत्रावली इसी परिसर में हॉल की बाउंड्रीवॉल और गेट के निर्माण कार्य से जुड़ी है। दोनों पत्रावलियों में अनियमितताएं सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने संबंधित ठेकेदार फर्म के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे कालीसूची में दर्ज कर दिया। इसके साथ ही संबंधित जोनल लिपिक को निलंबित कर दिया गया है।

अन्य पत्रावलियों की भी होगी जांच खुल सकते हैं कई राज

नगर आयुक्त ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए केवल संबंधित दो पत्रावलियों तक जांच सीमित नहीं रखी है। मामले के साथ-साथ अन्य पत्रावलियों और अभिलेखों की जांच के लिए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन किया गया है। समिति संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को निर्माण कार्यों से संबंधित अभिलेखों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जांच समिति की रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित कार्यों की पत्रावलियों में किस स्तर पर अनियमितताएं हुईं और इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार है।

 गड़बड़ी मिली तो जिम्मेदारों पर होगी कठोर कार्रवाई

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में भी इस तरह के मामले सामने आते हैं, तो संबंधित ठेकेदार, कर्मचारी और अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सरकारी कार्यों और उनसे जुड़े अभिलेखों में नियमों की अनदेखी करने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।