आगरा डीआरएम से कार्यक्रम को लेकर सांसद राजकुमार चाहर ने की चर्चा

आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार चाहर के प्रस्ताव पर बाह-बटेश्वर में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से नए रेलवे स्टेशन के निर्माण को स्वीकृति मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित रेलवे स्टेशन का शिलान्यास करेंगे।
भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पैतृक भूमि बटेश्वर को रेलवे मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। सांसद राजकुमार चाहर द्वारा लंबे समय से क्षेत्र की जनता की मांग को केंद्र सरकार एवं रेलवे मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाया जा रहा था, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार होने जा रही है।
शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर सांसद राजकुमार चाहर ने आगरा मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गगन गोयल  के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन तथा निर्माण कार्य से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
रेलवे स्टेशन के निर्माण से बाह-बटेश्वर क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण बटेश्वर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।