स्थानीय लोगों में रोष, मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग
आगरा। आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-6 स्थित रतन प्रिया के बराबर सड़क पर बना ऊंचा स्पीड ब्रेकर लगातार दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। शनिवार, 25 जुलाई 2026 को इसी स्पीड ब्रेकर पर दोपहिया वाहन अनियंत्रित होने से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दो पदाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।


घायलों में शैलेंद्र शुक्ला (नगर कार्यवाह, दीनदयाल नगर, आगरा पश्चिम महानगर) एवं विवेक उपाध्याय (व्यवस्था प्रमुख, दीनदयाल नगर, आगरा पश्चिम महानगर) शामिल हैं। दोनों किसी आवश्यक कार्य से दोपहिया वाहन पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक सामने आए ऊंचे स्पीड ब्रेकर के कारण वाहन असंतुलित हो गया, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद स्वयंसेवकों ने क्षेत्रीय पार्षद निरंजन सिंह केम से दूरभाष पर शिकायत की तो पार्षद ने अधिकारियों से मिलने का आश्वासन दिया, जबकि नगर निगम के इंजीनियर ने मौके का निरीक्षण कर उचित कदम उठाने की बात कही।
वहीं, आवास विकास चौकी प्रभारी भानु प्रताप परमार को भी घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान स्थल का निरीक्षण करेगी और यदि स्पीड ब्रेकर निर्धारित मानकों के विपरीत पाया गया तो उसे हटाने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पार्क के समीप बना यह स्पीड ब्रेकर लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है। उनका आरोप है कि इससे पहले भी कई राहगीर यहां गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्पीड ब्रेकर को तत्काल भारतीय मानकों के अनुरूप बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है।