बसपा पार्षदों ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को सौंपा ज्ञापन, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग
बारावफात और रक्षाबंधन महत्वपूर्ण त्योहाराे से पहले समस्याओं पर लिया जाएगा संज्ञान शहर की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
आगरा। बारावफात और रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त कराने, विशेष सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग को लेकर सर्वदलीय पार्षदों ने सोमवार को स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने कहा कि दोनों त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। और बारावफात पर विभिन्न स्थानों से जुलूस भी निकलते हैं। ऐसे में त्योहार से पहले सभी प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करना जरूरी है। ज्ञापन लेकर नगर आयुक्त ने उचित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए अधिनस्थों को निर्देश जारी किए। ज्ञापन में कहा गया कि 26 अगस्त को बारावफात और 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार है। बारावफात के अवसर पर शहर में कई स्थानों से जुलूस निकाले जाते हैं। मुख्य दो जुलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर नालबंद चौराहे तक पहुंचते हैं, जहां से अलग-अलग दिशाओं में जाते हैं। इनमें एक जुलूस नबी करीम होते हुए बोदला तक तथा दूसरा बिजलीघर तक जाता है। इसके अलावा शाहगंज से बोदला और लोहामंडी से बोदला जाने वाले जुलूस के मार्ग भी प्रमुख हैं। लोहामंडी से बोदला जाने वाला मार्ग जगदीशपुरा होकर गुजरता है। पार्षदों ने नगर आयुक्त से मांग की कि इन सभी जुलूस मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों को त्योहार से पहले गड्ढामुक्त कराया जाए। सड़क मरम्मत के साथ ही मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। पार्षदों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी मार्ग पर गंदगी, जलभराव या अंधेरा होने से लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। ज्ञापन में प्रत्येक पार्षद को पांच-पांच स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराने की मांग भी की गई, ताकि जिन क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था की कमी है, वहां समय रहते लाइट लगाई जा सके। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से बसपा पार्षद दल के नेता कप्तान सिंह चाहर, मोहम्मद सुहेल कुरैशी, सज्जन अली, निधि सिंह, रेखा भास्कर, आरती शर्मा, शहजाद, डॉ. गंगाराम माथुर सहित अन्य पार्षद शामिल रहे। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को उचित कार्यवाही करने और त्योहारों से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

