नगर आयुक्त की नगर निगम की कमान संभालने के बाद एक्शन मोड में दिखे आगरा नगर निगम के कर्मचारी

निगम की प्रवर्तन टीम ने जब्त की 240 किलो प्रतिबंधित पालीथीन, चार दुकानदारों पर लगाया एक लाख का जुर्माना

दरेसी नंबर दो में नगर निगम की औचक छापामारी से मचा हड़कंप, कट्टों में भरकर रखे थे प्लास्टिक बैग

विज्ञापन

आगरा। प्रतिबंधित पालीथीन और प्लास्टिक के इस्तेमाल एवं बिक्री के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने दरेसी नंबर दो स्थित दुकानों पर औचक छापामारी कर करीब 240 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग जब्त किए। प्लास्टिक बैग अलग-अलग कट्टों में भरकर दुकानों में रखे हुए थे। कार्रवाई के दौरान चारों दुकानदारों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि नगर निगम प्रशासन को दरेसी नंबर दो क्षेत्र में प्रतिबंधित पालीथीन के गिलास और प्लास्टिक बैग की बिक्री किए जाने की शिकायत मिल रही थी। शिकायत को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जोनल सेनेटरी ऑफिसर छत्ता (जेडएसओ) आशुतोष वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम टास्क फोर्स ने दरेसी नंबर दो में औचक छापामारी की।


टीम की अचानक कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान अलग-अलग दुकानों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग बरामद हुए। नगर निगम की टीम ने मौके पर ही करीब 240 किलो प्लास्टिक बैग जब्त कर लिए। इसके साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की बिक्री करने वाले दुकानदार जावेद, दशरथ, किशोर और भारत पर कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि जब्त की गई पालीथीन को नगर निगम कार्यालय में सुरक्षित रखवाया गया है। इसे नियमानुसार नष्ट करने के लिए नगर निगम की अनुबंधित एजेंसी को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जहां भी इसके भंडारण, बिक्री या इस्तेमाल की शिकायत मिलेगी, वहां जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उनके मुताबिक प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल से नालियों के चोक होने के साथ ही पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए नगर निगम की ओर से बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगातार निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने यह कहा

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि प्रतिबंधित पालीथीन के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडारण, बिक्री या इस्तेमाल करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ लोगों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।