विदेशी बाइकों के शौकीनों को अब मथुरा में मिलेगा विश्वस्तरीय राइडिंग का अनुभव
आगरा सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल और मांट विधायक राजेश चौधरी ने किया संयुक्त उद्घाटन
मथुरा/आगरा। जनपद के बाइक प्रेमियों के लिए रविवार का दिन विशेष रहा, जब मनोरम ऑटो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मथुरा में विश्व प्रसिद्ध मोटरसाइकिल ब्रांड केटीएम एवं ट्रायम्फ के नए अत्याधुनिक शोरूम का भव्य शुभारंभ किया गया। शोरूम के खुलने के साथ ही अब मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के विदेशी एवं प्रीमियम बाइक प्रेमियों को अपनी पसंद की विश्वस्तरीय मोटरसाइकिलों के लिए दूसरे शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। ए-1, रजत विहार, आगरा-दिल्ली हाईवे, मीरा मगन मैरिज गार्डन के निकट स्थित नए शोरूम का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने किया।
इस अवसर पर मांट विधायक राजेश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मथुरा निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ अब शहर आधुनिक व्यापारिक एवं औद्योगिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि केटीएम एवं ट्रायम्फ जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ब्रांड का मथुरा में शोरूम खुलना क्षेत्र के युवाओं और बाइक प्रेमियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान मांट विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि मथुरा और ब्रज क्षेत्र में तेजी से आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रीमियम मोटरसाइकिल ब्रांडों के नए शोरूम के शुभारंभ से क्षेत्र के युवाओं और वाहन प्रेमियों को विशेष सुविधा मिलेगी। उन्होंने मनोरम ऑटो प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतिष्ठान ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करते हुए मथुरा के ऑटोमोबाइल क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
मनोरम ऑटो प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन राम मोहन कपूर ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य मथुरा एवं आसपास के जनपदों के ग्राहकों को विश्वस्तरीय ऑटोमोबाइल अनुभव उपलब्ध कराना है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शोरूम पहुंचकर केटीएम एवं ट्रायम्फ की मोटरसाइकिलों को देखा और उनके फीचर्स की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर प्रवीण सिकरवार, बजाज ग्रुप से जगदीश अधलखा, सर्किल हेड, रवि यादव, एएसएम सेल्स एवं नितेश माहेश्वरी, एएसएम सर्विस आदि उपस्थित रहे।


