• एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत शास्त्रीपुरम में हुआ वृक्षारोपण, एक माह बाद चलेगा 'पोषण अभियान
  • जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर पौधारोपण करने का किया आह्वान 
  • एक पेड़ मां के नाम' अभियान भारतीय संस्कृति में प्रकृति और मातृत्व के सम्मान का प्रतीक

आगरा,  'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रविवार को शास्त्रीपुरम स्थित ब्लॉक-डी पार्क में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव (व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता) डॉ. हरिओम, विधायक चौधरी बाबूलाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह तथा मुख्य वन संरक्षक अनिल पटेल ने पौधरोपण किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और वृक्ष बनने तक देखभाल करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए 'रोपण दिवस' के साथ 'पोषण दिवस' मनाने का सुझाव दिया।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान भारतीय संस्कृति में प्रकृति और मातृत्व के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि औषधीय एवं छायादार वृक्षों के अधिकाधिक रोपण के साथ प्रत्येक पौधे का परिवार के सदस्य की तरह संरक्षण किया जाना चाहिए।

विज्ञापन

जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निर्धारित किया गया है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाकर उसके वृक्ष बनने तक संरक्षण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि प्रदेश में 35 करोड़ तथा जनपद आगरा में लगभग 53.94 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगरा का हरित आवरण वर्तमान में लगभग 6.85 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाने के लिए जनसहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों से पौधारोपण कर एक से दो वर्ष तक उसकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम के निर्देशानुसार पौधारोपण स्थलों पर विभागीय अधिकारियों, सिविल सोसायटी एवं आमजन की सहभागिता वाली समितियों का गठन किया जाएगा। ये समितियां पौधों के संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी निभाएंगी। इसके लिए एक माह बाद पूरे जनपद में 'पोषण अभियान' एवं 'पोषण डे' आयोजित किया जाएगा, ताकि रोपित पौधों की जीवितता सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राजेश कुमार ने बताया कि जनपद को आवंटित 53.94 लाख पौधारोपण के लक्ष्य के सापेक्ष विभिन्न विभागों ने लक्ष्य से अधिक पौधे लगाए हैं। स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया। इसके बाद नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम एवं जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शारदा यूनिवर्सिटी परिसर में 5,000 पौधों के वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, डीएफओ राजेश कुमार, महेश शर्मा, नवीन गौतम, पार्षद गौरव शर्मा, प्रवीना राजावत, वीरेंद्र राजपूत, डॉ. रामबाबू हरित, मोहन सिंह चाहर, रोहित कत्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।