पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक प्रयागराज के धूमनगंज का रहने वाला आसिफ उर्फ मल्ली माफिया अतीक अहमद के साथ लंबे समय से जुड़ा है और उसके हर अपराध में भागीदार रहा है। तीन वर्ष पूर्व प्रयागराज पुलिस ने मल्ली और अरमान (उमेश पाल हत्याकांड में पांच लाख का इनामी) को गिरफ्तार किया था। दोनों एक मकान पर कब्जा करने पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलने पर तत्कालीन एडीजी जोन प्रयागराज प्रेम प्रकाश ने अपनी टीम भेजकर दोनों को दबोच लिया था। मल्ली के पास दो बम भी बरामद किए गए थे। प्रयागराज पुलिस के मुताबिक मल्ली अतीक गैंग के टॉप-10 अपराधियों में शामिल है। मल्ली के खिलाफ प्रॉपर्टी डीलर जैद से रंगदारी मांगने समेत कई मुकदमे भी दर्ज हैं, जिनमें कुछ हत्या के मामले भी हैं।
गुड्डू ने सिखाया बम बनाना
मल्ली को गुड्डू मुस्लिम ने बम बनाना सिखाया था। गुड्डू की तरह मल्ली की प्रयागराज में बमबाज के रूप में पहचान होने लगी थी। उमेश पाल हत्याकांड के बाद जब पुलिस ने मल्ली की तलाश शुरू की तो वह रातोंरात फरार होने में कामयाब हो गया। उसके गुड्डू मुस्लिम के साथ होने की संभावना से भी अधिकारी इंकार नहीं कर रहे हैं। उसकी गिरफ्तारी से अतीक गिरोह से जुड़े कई अहम राज पता लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

