पूर्ण परियोजनाओं का शीघ्र हैंडओवर कराने के निर्देश, निर्माणाधीन कार्य समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराने पर जोर
जनहित में समय से शुरू हो परियोजनाओं का उपयोग, सीएमआईएस पोर्टल पर प्रगति की सूचनाएं नियमित अपडेट करने के निर्देश
आगरा। आगरा जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति तथा पूर्ण परियोजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनमें यदि कोई आवश्यक कार्य शेष है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराकर संबंधित विभाग को शीघ्र हैंडओवर कराया जाए, ताकि तैयार परिसंपत्तियों का उपयोग जनहित में समय से प्रारंभ हो सके। बैठक में सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज विभिन्न परियोजनाओं की क्रमवार समीक्षा की गई। बटेश्वर स्थित प्राचीन पवित्र कुंड के पर्यटन विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक विभागीय समन्वय के साथ कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बटेश्वर में फसाड लाइटिंग स्थापना कार्य की समीक्षा करते हुए विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया, ताकि परियोजना का उपयोग सुनिश्चित हो सके। समीक्षा के दौरान राजकीय निर्माण संस्थान आगरा में एकेडमिक भवन, थाना छत्ता में 32 क्षमता वाले हॉस्टल बैरक एवं विवेचना कक्ष, 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा में पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी अनुभाग के कार्यालय भवन सहित पुलिस विभाग से संबंधित आवासीय भवनों और पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल की प्रगति की जानकारी ली गई। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अछनेरा में बालिका छात्रावास भवन तथा सैंया, अकोला, खेरागढ़ और फतेहाबाद में एकेडमिक ब्लॉक एवं बालिका छात्रावास भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों से संबंधित पूर्ण परियोजनाओं की हैंडओवर प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में बमान बैलोट मार्ग से सिद्ध बाबा मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अंतर्गत फ्लैटेड फैक्ट्री सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनकी गुणवत्ता का परीक्षण एवं आवश्यक निरीक्षण कराकर हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। संबंधित विभाग परियोजना प्राप्त होने के बाद उसका उपयोग सुनिश्चित करें, जिससे शासन द्वारा स्वीकृत धनराशि से निर्मित परिसंपत्तियों का लाभ आमजन को समय से मिल सके। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सीएमआईएस पोर्टल पर परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति नियमित रूप से अपडेट की जाए। परियोजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं वास्तविक स्थिति के अनुरूप पोर्टल पर दर्ज की जाएं, जिससे शासन स्तर पर परियोजनाओं की प्रभावी एवं नियमित मॉनिटरिंग हो सके।
उन्होंने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, सीएंडडीएस, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, पुलिस आवास निगम, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम सहित सभी संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने कहा कि जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्वक एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। पूर्ण परियोजनाओं की आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कराकर संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए, ताकि उनका उपयोग जनहित में प्रारंभ हो सके।
बैठक में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी खगेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेन्द्र वर्मा, जीके वार्ष्णेय सहित विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


