- थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में लगातार ट्रांस यमुना पुलिस कर रही खुलासे पर खुलासे
- आरोपी पर पहले से दर्ज हैं नौ मुकदमे, एनडीपीएस एक्ट में भेजा जेल।
आगरा। कमिश्नरेट आगरा की थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 28 ग्राम गांजा एवं 730 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 18 जून को थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जैन मंदिर के पास स्थित कांशीराम आवास योजना, कालिंदी विहार क्षेत्र में एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल उर्फ सोनू जुर्री पुत्र बलवीर निवासी विद्या नगर, टेढ़ी बगिया, थाना ट्रांस यमुना, आगरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 282 ग्राम अवैध गांजा एवं 730 रुपये बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा संख्या 223/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी का आपराधिक इतिहास। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राहुल उर्फ सोनू जुर्री के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इससे पहले वह थाना एत्माद्दौला, एतमादपुर और ट्रांस यमुना क्षेत्र के कई मामलों में नामजद रह चुका है। कार्रवाई करने वाली टीम में मुख्य रूप से थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक रवि कुमार, उपनिरीक्षक गुरविंदर सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, कांस्टेबल शिवकेश कांस्टेबल अभिषेक आदि मौजूद रहे।

