नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देशन में श्रद्धालुओं की सेवा में चौबीस घंटे मुस्तैद रहीं नगर निगम सफाई विभाग की टीम
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार 2 दिन से लगातार कर रहे थे नगर निगम की टीम के साथ मॉनिटरिंग
सावन के पहले सोमवार पर राजेश्वर महादेव मेले में तीन शिफ्टों में 160 कर्मचारियों ने संभाली कमान
आगरा। सावन के पहले सोमवार पर राजेश्वर महादेव मंदिर में उमड़े श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच नगर निगम प्रशासन की व्यवस्थाएं पूरे दिन सुचारु रूप से संचालित होती रहीं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम की टीमें 24 घंटे मुस्तैदी के साथ डटी रहीं। सफाई, कूड़ा निस्तारण, जलनिकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बनाए रखने के लिए कुल 160 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी, जिन्होंने सुबह, दोपहर और रात्रि की तीन शिफ्टों में लगातार कार्य किया। मेले के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण डस्टबिन तेजी से भर रहे थे। नगर निगम की टीमों ने लगातार कूड़ा उठाकर उसका तत्काल निस्तारण कराया, जिससे पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनी रही। सफाई कर्मचारियों की सतत निगरानी के चलते कहीं भी कूड़े का ढेर नहीं लगने दिया गया। व्यवस्थाओं की निगरानी प्रभारी जेड एस ओ योगेंद्र कुशवाहा एवं एस एफआई मलखान सिंह लगातार करते रहे। दोनों अधिकारी समय-समय पर मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देते रहे। बारिश की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने पहले से ही विशेष इंतजाम किए थे। डबल पेट्रोल पंप क्षेत्र में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पंपिंग सेट लगाया गया था, जबकि अन्य संभावित निचले इलाकों में जलनिकासी के लिए सीवर जेट मशीन को तैनात रखा गया, ताकि वर्षा होने की स्थिति में पानी का तत्काल निकास कराया जा सके और श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो। मेले की व्यवस्थाओं पर अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार एवं सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम भी लगातार नजर बनाए रहे। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

यह कहना है नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि "सावन के पहले सोमवार पर राजेश्वर महादेव मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही। नगर निगम की सभी टीमों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ 24 घंटे कार्य किया। सफाई, कूड़ा निस्तारण, जलनिकासी और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी गई। हमारा प्रयास है कि पूरे सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।"

