अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने दिया आश्वासन, अगले माह 5 तारीख को मिलेगा कर्मचारियों को वेतन
आगरा। नगर निगम में सेवा प्रदाता द्वारा नियोजित सफाई श्रमिकों को वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मचारी नेताओं के शनिवार को धरना प्रदर्शन की चेतावनी देने के बाद नगर निगम के नगर आयुक्त सन्तोष कुमार वैश्य ने अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को सुबह ही निर्देश दिये कि आज शाम तक सफाई कर्मचारियों को वेतन वितरण करा दिया जाये।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने अपने कार्यालय में नगर निगम कर्मचारी नेता विनोद इलाहाबादी, हरीबाबू वाल्मीकि, सुन्दर बाबू चंचल, मोहन गुलज़ार, रेशम सिंह चाहर, गुलशन दयाल, राकेश साहू, राजेश चौहान आदि के साथ वार्ता की और नगर निगम के अधिकारियों, भारतीय स्टैट बैंक के मैनेजर और सेवा प्रदाता के चेयरमैन विजय अग्रवाल से बात कर आज शाम ही वेतन सफाई कर्मचारियों के खातों में भेजना सुनिश्चित कराया। लगभग पाॅंच बजे तक सफाई कर्मचारियों के खाते में वेतन आ गया है। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने भरोसा दिलाया है कि अगले माह से 5 तारीख तक वेतन दिला दिया जायेगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक शनिवार को अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और सफाई कर्मचारियों नेताओं के बीच बैठक करके सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण कराया जायेगा। कर्मचारी नेता विनोद इलाहाबादी ने नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त को फोन कर उनका आभार व्यक्त किया।

