- नवागत नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के कार्यभार संभालते ही फरियादियों में देखा जा रहा उत्साह
- अधिकांश समस्याएं निर्माण, सीवर और सफाई से संबंधित रहीं
आगरा। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित साप्ताहिक संभव दिवस में मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब डेढ़ दर्जन फरियादियों ने अपनी समस्याएं नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने निर्माण कार्य, सीवर जाम, जलनिकासी, गंदगी, सड़क मरम्मत तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। नगर आयुक्त ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। जनसुनवाई में सर्वाधिक शिकायतें सीवर व्यवस्था, सफाई, निर्माण कार्यों में देरी तथा जलभराव जैसी समस्याओं से संबंधित रहीं। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का मौके पर समाधान संभव है, उनका तत्काल निस्तारण कराया जाए तथा अन्य मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई कर शिकायतकर्ताओं को अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि संभव दिवस का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए पारदर्शी तरीके से उनका निस्तारण करें, ताकि आमजन को नगर निगम की सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम भी मौजूद थे।

