आगरा -जिलाधिकारी आगरा के निर्देशन में जनपद में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित MY Bharat Portal पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिकतम पात्र युवाओं के पंजीकरण हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
https://mybharat.gov.in/yuva_register

जिलाधिकारी ने जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO), जिला समन्वयक (DC), समस्त खण्ड विकास अधिकारियों, समस्त ग्राम प्रधानों, राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विशेष पंजीकरण अभियान संचालित करते हुए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक पात्र युवा का MY Bharat Portal पर पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।

जिलाधिकारी ने बताया कि MY Bharat Portal युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से युवाओं को Experience Learning Program (ELP), स्वयंसेवक (Volunteer) के रूप में कार्य करने का अवसर, विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रमों, प्रशिक्षणों, शिविरों, प्रतियोगिताओं, सामाजिक अभियानों तथा अन्य गतिविधियों में सहभागिता का अवसर प्राप्त होता है। साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करने वाले युवाओं को डिजिटल प्रमाण-पत्र (Certificate) भी प्रदान किए जाते हैं, जो उनके शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाते हुए यह सुनिश्चित करें कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी पात्र युवा MY Bharat Portal पर पंजीकरण से वंचित न रहे। साथ ही प्रतिदिन किए गए पंजीकरण की प्रगति निर्धारित Google Sheet में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, ताकि जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जा सके।

विज्ञापन

जिलाधिकारी आगरा ने जनपद के समस्त 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में MY Bharat Portal पर अपना पंजीकरण कराएं तथा अपने मित्रों, सहपाठियों, परिवारजनों एवं आसपास के अन्य पात्र युवाओं को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि MY Bharat Portal युवाओं को देश के विकास में सहभागी बनने का एक सशक्त माध्यम है। अतः प्रत्येक पात्र युवा इस अवसर का लाभ उठाते हुए शीघ्र अपना पंजीकरण कराए और भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों, स्वयंसेवी अवसरों, प्रशिक्षणों, शिविरों, प्रतियोगिताओं, प्रमाण-पत्रों एवं अन्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त करे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी संबंधित विभाग, शिक्षण संस्थान, ग्राम पंचायतें एवं युवा मिलकर इस विशेष पंजीकरण अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करें तथा जनपद आगरा को MY Bharat Portal पर अधिकतम पंजीकरण कराने वाले अग्रणी जनपदों में शामिल करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।