आगरा- जिलाधिकारी मनीष बंसल जी ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत युवाओं को विभिन्न चरणों में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार एवं विजन साझा करने के साथ-साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने एवं संवाद करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण में ‘विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी, जिसमें युवा माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए पात्र युवाओं को माई भारत पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कराना होगा।
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में चयनित युवाओं के लिए ‘विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता’ आयोजित होगी। तीसरे चरण में जिला स्तर पर चयन प्रक्रिया संपन्न होगी, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इसके पश्चात राज्य स्तर की प्रक्रिया के माध्यम से चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने, संवाद करने तथा विकसित भारत के संबंध में अपने विचार एवं विजन साझा करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र विद्यार्थियों एवं युवाओं से अपील की है कि वे MY Bharat Portal के माध्यम से “विकसित भारत क्विज” में प्रतिभाग करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा, ज्ञान, नेतृत्व क्षमता एवं “विकसित भारत” के निर्माण संबंधी अपने विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार एवं उनकी ऊर्जा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग, शिक्षण संस्थान, ग्राम पंचायतें एवं युवा इस अभियान को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें तथा अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जनपद आगरा को प्रतियोगिता में अग्रणी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।


