सभी के द्वारा पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर रखने का लिया गया संकल्प
आगरा। शनिवार 01 अगस्त, माननीय श्री संजय कुमार मलिक, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा तथा श्रीमती तृप्ता चौधरी, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, आगरा के कर-कमलों द्वारा दिवानी न्यायालय परिसर, आगरा में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन एवं पर्यावरण के संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा लगाए गए पौधों के नियमित संरक्षण का आह्वान किया। इस अवसर पर श्री अमरजीत, अपर जिला जज, श्री शारिब अली, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आगरा सहित जनपद न्यायालय, आगरा के समस्त न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ तथा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

