बिना गाड़ी के क्षेत्र में दौड़ दौड़ कर एक एक पॉइंट को किया चेक, आखिर में समाधान निकाल कर ही निकले नगर आयुक्त
बारिश के बीच सड़कों पर उतरी नगर निगम की फौज, नगर आयुक्त ने किया जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण
चार दर्जन स्थानों पर पंप-जेट मशीन तैनात, कंट्रोल रूम में शिकायतों का त्वरित निस्तारण
आगरा। लगातार बारिश के बीच शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम की फौज सड़कों पर उतर आई। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य निगम के अधिकारियों सहित स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने शहर के एक-एक जलभराव वाले रास्ते और बिंदुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को तुरंत तकनीकी समाधान करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि शहर के लगभग चार दर्जन स्थानों पर पंप और सीवर जेट मशीनें लगाई गई हैं। इन्हें जल निकासी पूरी होने तक लगातार चलाया जाए ताकि नागरिकों को परेशानी न हो। नगर निगम के कंट्रोल रूम में लगातार जलभराव की शिकायतें आ रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्रों में टीम भेजकर मौके पर निस्तारण कराया गया। नगर आयुक्त ने कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जलकल, स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी भी साथ मौजूद रहे।
जलभराव वाले विंदुओं पर विशेष निगरानी
नगर निगम द्वारा पूर्व निर्धारित जलभराव संभावित बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी गई। वहां पहले से ही कर्मियों की तैनाती की गई थी। सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय और अशोक प्रिय गौतम के अलावा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा, उपनगर आयुक्त डॉ सरिता सिंह, पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम आदि के अलावा निर्माण विभाग के अभियंता भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखते रहे। इनमें शास्त्री पुरम, आवास विकास कालोनी, बल्केश्वर, नेहरू नगर, आगरा कॉलेज चौराहा, कमला नगर, हरीपर्वत, राजामंडी, सुल्तानगंज की पुलिया, शमसाबाद रोड, चर्च रोड, खेरिया मोड़ और बिजली घर,हाथरस रोड टेढ़ी बगिया और ग्वालियर रोड सहित कई प्रमुख स्थान शामिल रहे।

नालों की जालियों की नियमित सफाई
नालों में कचरा न पहुंचे इसके लिए पूर्व में लगाई गई जालियों की लगातार सफाई कराई जा रही थी। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के निर्देश पर सफाई कर्मियों को निर्देश दिया गया था कि वे हर आधे-एक घंटे में इन बिंदुओं की स्थिति की रिपोर्ट कंट्रोल रूम में दें। इससे किसी भी प्रकार की समस्या को तत्काल निपटाया जा सका। सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम भी सुबह से ही भ्रमण पर रहे।
कंट्रोल रूम रहा सक्रिय
नगर निगम के कंट्रोल रूम को पूरी तरह एक्टिव रखा गया। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार लगातार यहां आने वाली शिकायतों का अपडेट लेते रहे। यहां एक टीम लगातार कॉल रिसीव कर रही थी और वार्डवार जिम्मेदार कर्मचारियों को सूचनाएं दी जा रही थीं। कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटरिंग करते हुए नगर आयुक्त ने भी समय-समय पर अपडेट लिया।

