आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ रहे रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने बांटे प्रशस्ति पत्र, ऋण चेक और क्रेडिट कार्ड
आगरा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बीएसएनएल ग्राउंड पर भव्य स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से होने वाले लाभ के सम्बन्ध में अवगत कराना, उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को गति देना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह जी का कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में काफी स्ट्रीट वेंडर्स व उनके परिवार के लोग, बैंक प्रतिनिधियों तथा नगर निगम एवं डूडा के अधिकारियों ने भाग लिया।
महापौर ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के पात्र लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र, ऋण चेक एवं क्रेडिट कार्ड वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने लाभार्थियों को समय पर ऋण चुकाने, डिजिटल भुगतान प्रणाली को अपनाने तथा अपने व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों के लिए संजीवनी साबित हुई है और इससे हजारों परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने योजना की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम क्षेत्र में अब तक 58,130 स्ट्रीट वेंडर्स को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित किया जा चुका है। योजना के प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण के अंतर्गत लगभग 123 करोड़ रुपये की ऋण राशि वितरित की जा चुकी है। अधिकारियों ने इसे नगर निगम, डूडा एवं विभिन्न बैंकों के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम बताया।
महापौर ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों एवं मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय समावेशन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं डिजिटल भुगतान संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त/परियोजना अधिकारी डूडा शिशिर कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक ऋषिकेश बैनर्जी, डूडा के शहर मिशन प्रबंधक, सामुदायिक आयोजक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी तथा स्ट्रीट वेंडर्स और लाभार्थी उपस्थित रहे। स्वनिधि महोत्सव के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को वित्तीय समावेशन, डिजिटल लेन-देन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रभावी संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

