एक साल में 8,849 करोड़ रुपये बढ़ी जिले की अर्थव्यवस्था, 11.2 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज
प्रदेश की अर्थव्यवस्था में आगरा की 2.91 प्रतिशत हिस्सेदारी, प्रति व्यक्ति आय भी बढ़कर 1.44 लाख रुपये हुई
आगरा। ताजनगरी की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। जिले की जीडीपी (जिला सकल घरेलू उत्पाद) एक साल में 8,849 करोड़ रुपये बढ़ गई है। वर्ष 2023-24 में जहां आगरा की जीडीपी 79,215 करोड़ रुपये थी, वहीं वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 88,064 करोड़ रुपये पहुंच गई। इस दौरान जिले की अर्थव्यवस्था में 11.2 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं प्रदेश की कुल अर्थव्यवस्था में आगरा की हिस्सेदारी 2.91 प्रतिशत है।
जनपद की अर्थव्यवस्था की प्रगति और विभिन्न क्षेत्रों में विकास की स्थिति को लेकर शनिवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने जिले की अर्थव्यवस्था से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए। बताया गया कि वर्ष 2023-24 में आगरा की जिला सकल घरेलू उत्पाद 79,215 करोड़ रुपये थी। आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि के चलते वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा बढ़कर 88,064 करोड़ रुपये हो गया। इस प्रकार एक वर्ष में जिले की जीडीपी में 8,849 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
प्रति व्यक्ति आय में भी हुआ इजाफा
बैठक में जिले की प्रति व्यक्ति आय की भी समीक्षा की गई। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में आगरा में प्रति व्यक्ति आय 1,31,692 रुपये थी, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1,44,605 रुपये हो गई। यानी एक वर्ष में प्रति व्यक्ति आय में 12,913 रुपये की वृद्धि हुई।
अधिकारियों ने बताया कि आगरा की अर्थव्यवस्था में विभिन्न क्षेत्रों की गतिविधियों के विस्तार का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में जिले की 2.91 प्रतिशत हिस्सेदारी भी आगरा के आर्थिक महत्व को दर्शाती है।
वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य में आगरा की अहम भूमिका
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के साथ-साथ विभागीय स्तर पर निर्धारित आर्थिक एवं विकास संबंधी लक्ष्यों की नियमित निगरानी की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में आगरा की सकारात्मक और मजबूत भूमिका सामने आ सके।
बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

