पर्यटक बना निशाना, कार का शीशा तोड़ किया सामान चोरी, घटना CCTV कैमरा में कैद, पुलिस जांच में जुटी
ताजनगरी आगरा में एक बार फिर पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। राजस्थान से घूमने आए एक पर्यटक की कार का शीशा तोड़कर चोर लाखों का सामान लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है और पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है। आगरा के ताजगंज क्षेत्र में स्थित बिकानेरवाला रेस्टोरेंट के बाहर राजस्थान से आए एक पर्यटक की कार को चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर अंदर रखा लगेज और अन्य सामान चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी और आगरा पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का कहना है कि वह परिवार के साथ आगरा घूमने आया था, लेकिन चोरी की इस घटना ने उसकी यात्रा का अनुभव खराब कर दिया।
घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पीड़ित ने पुलिस को फुटेज का हवाला देते हुए जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना मिलने के बाद ताजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।
इस घटना के बाद एक बार फिर आगरा आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पर्यटन नगरी होने के कारण आगरा में हर दिन हजारों पर्यटक आते हैं, ऐसे में वाहन चोरी और सामान चोरी की घटनाएं प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
एंकर आउट्रो:
फिलहाल पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

