आगरा कैंट पर हाई वोल्टेज ड्रामा! डिप्टी SS की बहन पटरी पर कूदी, RPF-पुलिस ने बचाया
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट और आरपीएफ जवानों के बीच हुई कथित मारपीट का मामला अब और ज्यादा गंभीर हो गया है। कार्रवाई की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब डिप्टी एसएस की बहन रेलवे ट्रैक पर उतर गईं।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने पहले ही शताब्दी एक्सप्रेस रोकने और रेल चक्का जाम करने का ऐलान किया था। इसी बीच महिलाओं ने भी रेलवे पटरी पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें पटरी से हटाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केवल निलंबन से काम नहीं चलेगा। उनकी मांग है कि मारपीट के आरोपित आरपीएफ जवानों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और बर्खास्तगी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बताया गया कि डीआरएम ने कार्रवाई के लिए एक घंटे का समय मांगा था। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो रेलवे ट्रैक जाम कर रेल संचालन बाधित किया जाएगा।
फिलहाल आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे घटनाक्रम पर रेलवे प्रशासन की नजर बनी हुई है। मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

