आगरा। वरिष्ठ अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्ध विहार प्रबंधक समिति के अध्यक्ष करतार सिंह भारतीय का मंगलवार रात 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से अधिवक्ता, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार दोपहर उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, समाजसेवी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं शुभचिंतक शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
करतार सिंह भारतीय लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। वह बुद्ध विहार प्रबंधक समिति के अध्यक्ष तथा भीमनगरी आयोजन समिति के संरक्षक रहे। इसके अलावा वह भीमनगरी आयोजन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी सक्रियता और सभी वर्गों के लोगों से आत्मीय संबंधों के कारण समाज में उनका विशेष सम्मान था।
राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वह लंबे समय तक बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से जुड़े रहे और पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने मेयर पद का चुनाव भी लड़ा था। सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय रहने के बावजूद उनका व्यक्तित्व बेहद सरल, शालीन एवं मिलनसार रहा।
पेशे से वरिष्ठ अधिवक्ता करतार सिंह भारतीय ने लंबे समय तक न्यायिक क्षेत्र में सेवाएं दीं। अपनी कार्यशैली, अनुभव और व्यवहार कुशलता के कारण अधिवक्ता समुदाय में उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन से अधिवक्ताओं ने एक अनुभवी और सहज स्वभाव के साथी को खो दिया।
अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक योगदान और सरल व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनका निधन समाज और अधिवक्ता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ उनके प्रति लोगों के सम्मान और आत्मीयता को दर्शा रही थी।
करतार सिंह भारतीय अपने पीछे तीन पुत्र प्रकाश भारतीय, गौतम भारतीय एवं विनय भारतीय तथा पुत्री नूतन भारतीय सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिजनों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।

