• फुटपाथ पर ई-वाहनों की बिक्री पड़ी भारी, एजेंसी पर 25 हजार का जुर्माना, ताबड़तोड़ कार्रवाई से लोगों में मची खलबली
  •  रामबाग से टेढ़ी बगिया तक चला नगर निगम का अभियान, अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
  • दर्जनों की संख्या में फुटपाथ पर किया गया अतिक्रमण ध्वस्त किया गया

आगरा। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और फुटपाथों को आम लोगों के लिए सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने गुरुवार को रामबाग चौराहे से टेढ़ी बगिया तक विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान सार्वजनिक स्थान पर निर्माण सामग्री रखकर और फुटपाथ पर ई-वाहन खड़े कर बिक्री करने व गंदगी करने वाले दुकानदारों पर 1.14 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम अधिकारियों ने कारोबारियों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन न करने की सख्त चेतावनी भी दी।
नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने अभियान के दौरान रामबाग चौराहे के निकट स्थित सुमन ई-व्हीकल एजेंसी का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि एजेंसी द्वारा बिक्री के लिए बड़ी संख्या में ई-वाहनों को फुटपाथ पर खड़ा किया गया था। इससे पैदल राहगीरों की आवाजाही बाधित हो रही थी और सार्वजनिक स्थान पर अवैध कब्जा किया जा रहा था। नगर निगम अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एजेंसी स्वामी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और फुटपाथ को खाली कराया। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी स्थिति में फुटपाथ पर वाहन खड़े कर बिक्री नहीं की जाएगी।
 

अभियान के दौरान रामबाग चौराहे पर स्थित राहुल-रोहित स्टॉल पर भी कार्रवाई की गई। निरीक्षण में पाया गया कि स्टॉल संचालक ने फुटपाथ पर कब्जा कर खाद्य सामग्री का विक्रय शुरू कर रखा था। इतना ही नहीं, दुकान के आसपास दोने, पत्तल और अन्य कचरा फेंककर गंदगी भी फैलाई जा रही थी। इस पर नगर निगम ने चार हजार रुपये का जुर्माना वसूलते हुए तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए तथा दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। इनके अलावा हाथरस रोड पर दाउजी बिल्डिंग मेटेरियल और कंसल आयरन फैक्ट्री के बाहर सड़क पर बजरी व डस्ट फैलाने पर उल्फत राम कैलाश चंद पर तीस -तीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कई ठेल धकेल वालों का भी चालान किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। फुटपाथों पर कब्जा कर व्यापार करने, सार्वजनिक मार्गों पर सामान या वाहन खड़े करने तथा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों और पैदल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।

ये कहते हैं नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य

विज्ञापन

"फुटपाथ और सार्वजनिक मार्ग आम नागरिकों की सुविधा के लिए हैं, इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या व्यावसायिक गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी। नगर निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने के साथ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी व्यापारियों से अपील है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय संचालित करें और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।"