• अवैध विज्ञापन बोर्ड हटाए, मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम का सख्त अभियान
  • नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के आने के बाद अवैध अतिक्रमण करने वालों में मची हुई खलबली

आगरा। राजेश्वर मंदिर पर आगामी सोमवार को लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया, जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों के आवागमन के लिए मार्ग को सुगम बनाया जा सके। नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे गए अवैध सामान, अस्थायी ढांचे, टिन शेड,ठेल-धकेल तथा अन्य अवैध कब्जों को हटवाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई। कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने बिना अनुमति लगाए गए अवैध विज्ञापन बोर्ड, होर्डिंग एवं प्रचार सामग्री भी हटवाई। अधिकारियों का कहना है कि अवैध विज्ञापन बोर्ड न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करते हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं। ऐसे बोर्ड लगाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि मेले को देखते हुए मंदिर क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। नगर निगम ने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को व्यवस्थित रखने में प्रशासन का सहयोग करें। सहायक नगरआयुक्त ने इसके बाद रावली महादेव मंदिर का भी दौरा कर वहां की जा रही व्यवस्थाओं को परखा और निगम कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।